नोएडा के सेक्टर-22 स्थित वरसिद्धि माता मंदिर में सावन मास के शुक्रवार को दक्षिण भारतीय महिलाओं ने सामूहिक रूप से भगवान गणेश और माता वरसिद्धि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। धार्मिक मान्यता है कि सावन के प्रत्येक शुक्रवार यहां श्रद्धापूर्वक पूजा करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर पहुंचीं और विशेष पूजा में शामिल हुईं। पूजा के दौरान महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से भक्तिमय बना रहा। पूजा के बाद महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे कई वर्षों से सावन के शुक्रवार इस मंदिर में पूजा करने आती हैं। उनका कहना था कि यहां पूजा करने से मानसिक शांति मिलती है और उनकी कई मनोकामनाएं भी पूरी हुई हैं। मंदिर समिति के अनुसार सावन के दौरान प्रत्येक शुक्रवार विशेष पूजा का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।