दिहाड़ी कामगार पति की प्रेमी संग मिलकर हत्या करने वाली महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। कासना कोतवाली पुलिस ने मात्र 24 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल (कटार) भी बरामद कर लिया है। घटना में मृतक की पत्नी ममता और उसका साथी बहादुर शामिल थे। 14 दिसंबर 2024 को वादी ने कासना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े भाई बनी सिंह उर्फ विशाल की हत्या उसकी पत्नी ममता और ममता के साथी बहादुर ने मिलकर की है। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस का सहारा लिया और रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान ममता ने बताया कि उसकी शादी आठ साल पहले हुई थी, लेकिन पति द्वारा शराब पीने और मारपीट करने से वह परेशान थी। करीब एक साल पहले शादी में उसकी मुलाकात बहादुर से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। ममता और बहादुर ने मिलकर 12 दिसंबर को साजिश रची। ममता ने पति विशाल से कहा कि उसकी मौसी का लड़का घर पर रुकेगा। 13 दिसंबर की रात बहादुर, ममता के कहने पर मौसी का लड़का बनकर विशाल के घर पहुंचा। शराब के नशे में विशाल सो गया और बहादुर ने कटार से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद बहादुर ने निर्मम दी और कटार को सिरसा गोल चक्कर के पास नाले में फेंक दिया। पुलिस ने ममता को पेरिफेरल पुल और बहादुर को जिम्स अस्पताल के पास से पकड़ा है।