नोएडा और आसपास के इलाकों में शनिवार को दोपहर के समय अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी से परेशान लोग जैसे ही राहत की उम्मीद छोड़ने लगे, दोपहर बाद मौसम ने करवट ले ली। देखते ही देखते आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम के इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और माहौल खुशनुमा हो गया। तेज हवाओं के साथ आई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी। सड़कों पर चल रहे लोग और बाजारों में खरीदारी कर रहे नागरिक अचानक हुई बारिश से बचने के लिए बस स्टॉप, मेट्रो स्टेशन और दुकानों के शेड के नीचे खड़े हो गए। हालांकि, कई लोग बारिश का आनंद लेते हुए सड़कों पर नजर आए। बच्चे भी पानी में खेलते देखे गए। शनिवार की सुबह से ही तेज धूप और दोपहर बाद आए मौसम के बदलाव ने न सिर्फ लोगों को राहत दी, बल्कि गर्मी से झुलस रहे पेड़-पौधों और वातावरण को भी तरोताजा कर दिया।