ग्रेटर नोएडा में बिसरखा कोतवाली पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार चोरी करने के आरोप में दो युवको को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने कार को सोसाइटी के बाहर से चोरी किया था। पीड़ित गोविंद यादव अपने परिवार के साथ गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी में रहते है। दो फरवरी की रात उन्होंने अपनी फॉर्च्यूनर कार नजदीक की एनएक्स वन सोसाइटी के पास खड़ी की थी। देर रात कार को चोरी कर लिया गया। अगले दिन कार नहीं मिलने पर उन्होंने बिसरख कोतवाली में शिकायत दी। एडीसीपी सेंट्रल जोन संतोष कुमार ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। आसपस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से बिसरख कोतवाली पुलिस ने कार को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गौरव शुक्ला उर्फ कृष्णा शुक्ला निवासी ग्राम कापा मधुपुर प्रतापगढ़ और चंदन पांडेय उर्फ गोलू निवासी भदोही कटरा प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। दोनों इस समय नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव में रहते थे। एडीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने चॉबी की मदद से कार चोरी की थी। उनके पास से चोरी की कार और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं थी। वहीं आरोपी कार को प्रतापगढ़ ले जाने की फिराक में थे। वहीं पर कार को बेचा जाता। यहां पर दोनों डिलीवरी का काम भी करते है। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।