नोएडा के सबसे बड़े मार्केट सेक्टर-18 मार्केट शहर का चहल-पहल भरा व्यापारिक केंद्र है। इन दिनों नो एंट्री नियम के कारण भी यह मार्केट चर्चा में है। इस बाजार के लगभग 2000 व्यापारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर पूरे दिन की रोक से परेशान हैं। इस नियम ने व्यापारियों के लिए अपने शोरूम तक सामान पहुंचाने की प्रक्रिया को बेहद मुश्किल बना दिया है। अट्टा चौक और अट्टा पीर जैसे क्षेत्रों से सामान निजी वाहनों या छोटे साधनों में लाना पड़ता है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। सेक्टर-18 में मालवाहक वाहनों के लिए सुबह से रात 10 बजे तक नो एंट्री लागू है। इस कारण व्यापारी छोटे वाहनों, जैसे निजी कारों या मैन्युअल रिक्शा, का उपयोग करने को मजबूर हैं। ये बातें सेक्टर-18 मार्केट के व्यापारियों ने अमर उजाला मार्केट संवाद कार्यक्रम के दौरान कही। व्यापारी मनीष तिवारी, संजय पांडेय, मनु गुप्ता, के.नारायण, हेमंत आदि ने बाजार की व्यवस्था के लेकर जमकर नाराजगी जताई।