ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल विहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। रविवार को जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर शनिवार को सभी केंद्रों पर सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस ने केंद्रों का निरीक्षण कर हर उस स्थान की जांच की। जहां नकल सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण छिपाए जाने की आशंका हो सकती थी। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानों और साइबर कैफे को बंद रखने का निर्णय लिया है। साथ ही अनावश्यक भीड़ एकत्र होने पर भी रोक लगाई गई है। शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए बीएनएस की धारा 163 लागू की गई है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के अलावा प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी को भी लगाया गया है। जिले में बनाए गए 23 परीक्षा केंद्रों में से पांच नोएडा जोन, 11 मध्य नोएडा जोन और सात ग्रेटर नोएडा जोन में स्थित हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, पेपर लीक या नकल की संभावना को समाप्त करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस बल के साथ निजी सुरक्षा एजेंसियों के गार्ड भी केंद्रों पर तैनात किए गए हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शनिवार को संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से जांच की। कूलर, शौचालय, अलमारियां, डेस्क, छत और अन्य संभावित स्थानों को खंगाला गया। जिन कमरों में परीक्षा आयोजित नहीं होनी है। उन्हें एहतियातन बंद कर सील कर दिया गया है। केंद्रों के अतिरिक्त कक्षों और कार्यालयों को भी परीक्षा अवधि तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।