ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत सफाई कर्मियों का अपनी मांगों को लेकर 1 जुलाई से चल रहा धरना शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे कर्मियों ने कहा कि उन्हें मिलने वाली वार्षिक वेतन वृद्धि पिछले 18 महीनों से नहीं बढ़ाई गई है और 1 जनवरी से अब तक वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। सफाई कर्मियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में खाने-पीने की चीजों, पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़े हैं, लेकिन उनकी आय बढ़ाने पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि प्राधिकरण में कार्यरत अन्य कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की गई, जबकि सफाई कर्मियों को यह कहकर छोड़ दिया गया कि शासन की ओर से कोई आदेश नहीं आया है। धरनारत कर्मियों ने बताया कि उनमें से कई कर्मचारी पिछले 25 से 30 वर्षों से प्राधिकरण में काम कर रहे हैं, लेकिन आज तक किसी को स्थायी नहीं किया गया है और सभी कर्मचारी ठेका व्यवस्था के तहत काम करने को मजबूर हैं। सफाई कर्मियों ने कहा कि चार दिन से धरना चल रहा है, लेकिन अभी तक प्राधिकरण का कोई वरिष्ठ अधिकारी उनकी समस्याएं सुनने नहीं पहुंचा है। केवल छोटे स्तर के अधिकारियों से बातचीत हुई है और अब तक किसी समाधान का आश्वासन नहीं मिला है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी सीईओ या एसीईओ से बैठक नहीं होगी, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। धरने के चौथे दिन कांग्रेस पार्टी के गौतमबुद्ध नगर जिला अध्यक्ष भी धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संसद तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा और उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।