ग्रेनो वेस्ट की महागुन मंत्रा-1 सोसाइटी के निवासियों ने रजिस्ट्री में हो रही देरी से नाराज होकर शनिवार को महागुन कार्यालय का घेराव किया। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर ने तीन साल पहले सोसाइटी के 560 फ्लैट का कब्जा उनके मालिकों को दे दिया, लेकिन उसके बाद न तो रजिस्ट्री कराई और न ही सोसाइटी का रखरखाव ठीक से कर रहा है। शिकायत किए जाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सोसाइटी निवासियों का आरोप है कि बिल्डर से जब भी अपनी मांगों को लेकर बात करने की कोशिश करते हैं तो बिल्डर उनसे बात करने को सामने नहीं आता। निवासियों ने तीन साल पहले कब्जे के समय स्टाम्प ड्यूटी का भुगतान बिल्डर को कर दिया लेकिन बिल्डर ने उनकी रजिस्ट्री नहीं कराई। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में जगह-जगह बिल्डिंग के बाहरी ढांचे का प्लास्टर टूट कर गिर रहा है। बिल्डर ने सोसाइटी में कूड़ा निस्तारण मशीन लगाने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक नहीं लगाई गई है। एसटीपी का संचालन आधे समय बंद रहता है। वहीं, बेसमेंट में कूड़ा एकत्रित किया जाता है, जिस कारण बदबू बनी रहती है। सोसाइटी की सुरक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे ठीक से काम नहीं करते हैं।