ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 स्थित जोनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मैदान को बचाने की मांग अब बड़े जनआंदोलन का रूप लेती दिखाई दे रही है। स्थानीय ग्रामीण, खिलाड़ी और सेक्टरवासियों द्वारा मैदान को हॉकी स्टेडियम में परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले सप्ताह जेवर विधायक और प्राधिकरण के सीईओ की मौजूदगी में हॉकी स्टेडियम का शिलान्यास किया गया था, लेकिन इसके एक सप्ताह के भीतर ही स्थानीय लोगों ने व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों की ओर से अब कॉम्प्लेक्स बचाने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में पीआईएल की तैयारी शुरू कर दी गई है।