नोएडा। भारतीय पैरा साइकिलिस्ट प्रवीण कुमार एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने की तैयारी में हैं। उनका चयन 14वीं एशियाई पैरा ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है, जो फिलीपींस में आयोजित होने जा रही है। हाल ही में हैदराबाद में हुई नेशनल पैरा रोड एंड ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप 2026 में प्रवीण कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए थे। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने देश के प्रमुख पैरा साइकिलिस्टों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सीआरसी ग्रुप अपनी सीएसआर पहल स्पिरिट ऑफ नोएडा के तहत उन्हें लगातार समर्थन दे रही है। मंगलवार को सीआरसी कार्यालय सेक्टर 127 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रवीण कुमार ने बताया कि 22 मार्च को दिल्ली से फिलीपींस के लिए रवाना होंगे। यह प्रतियोगिता टैगायटे सिटी स्थित टैगायटे सिटी वेलोड्रोम में 25 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित होगी, जो फिलीपींस का पहला यूसीआई मानक वाला इनडोर साइक्लिंग ट्रैक है। करीब 31 साल बाद फिलीपींस इस चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है। इसमें जापान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, चीन, भारत और फिलीपींस सहित एशिया के कई शीर्ष साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे। प्रवीण कुमार की इस यात्रा के लिए उन्हीने सीआरसी ग्रुप का धन्यवाद दिया।सीआरसी ग्रुप के डायरेक्टर, मार्केटिंग एंड बिजनेस मैनेजमेंट,सलिल कुमार ने कहा कि प्रवीण कुमार जैसे खिलाड़ियों की मेहनत और जज़्बा हम सभी के लिए प्रेरणा है।स्पिरिट ऑफ नोएडा पहल का उद्देश्य ऐसी प्रतिभाओं को सही मंच और सहयोग देना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर सकें।