नोएडा सेक्टर 74 स्थित ग्रैंड अजनारा हेरिटेज सोसाइटी की अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (एओए) के हैंडओवर की सालगिरह पर कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान गाजियाबाद के शायर राज कौशिक, गाजियाबाद से हास्य रस की कवियित्री दीपाली जैन, श्रृंगार रस की कवियित्री डॉ. ज्योति राहुल उपाध्याय, ग्रेटर नोएडा से बबीता अजीत राणा, आगरा से वीर रस के कवि मोहित सक्सेना ने सुंदर पंक्तियां सुनाकर सभी को आनंदित कर दिया। हर ओर तालियों की गूंज सुनाई दे रही थी। सभी वाह वाह कर रहे थे। कवि मोहित सक्सेना ने ऑपरेशन सिंदूर पर बहुत सुंदर वीर रस की कविताएं सुनाईं। कविताओं से ही पाकिस्तान को धूल चटा दी। सज सज के आओगे तो बज बज के जाओगे, हम मारेंगे थोड़ा और घसीटेंगे ज्याद...। शहीदों के नाम पर भी कविता सुनाकर सभी को भावविभोर कर दिया। शहीद कैप्टन सौरभ कालिया के बारे में भी कविता सुनाई, जिनकी नौकरी लगे तीन महीने हुए थे और पहली तनख्वाह भी नहीं आई थी। मोहित ने सुनाया... तनख्वाह तो आई लेकिन उससे पहले एक चिट्ठी आई, बेटा वादा तोड़ गया वापस उसकी मिट्टी आई। पाला आज पड़ गया एक शेर से कुत्तों का... भारत माता याद रही, जननी माता को भूल गया... बदन में जान थी तबतक तिरंगा झुक नहीं पाया....। इस दौरान सभी ने खड़े होकर तालियां बजाईं और शहीदों का सम्मान किया। वहीं, डॉ. ज्योति राहुल उपाध्याय ने नारी और प्रभु श्री राम पर सुंदर पंक्तियां नारियों का सदा सम्मान होना चाहिए... सुनाई। इस दौरान सोसाइटी निवासी प्रद्युम्न ने भी यूं तो सांस सभी लेते हैं कहां जिंदा हो तुम... कविता सुनाई। इस मौके पर सोसाइटी निवासियों समेत एओए पदाधिकारियों में अभिनव सैनी, अरुण कांति, ज्ञानेश पाठक, सीके जोशी, अशोक कपूर, पायल खुराना मौजूद रहीं।