ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-36 में सप्लाई का आने वाले पानी में प्रेशर नहीं होने के कारण लोगों को खुद के बोरवेल के पानी के सहारे रहना पड़ रहा है। निवासियों का आरोप है कि मामले की कई बार प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद भी कोई समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-36 में सोमवार को आयोजित हुए अमर उजाला संवाद में निवासियों ने समस्याएं बताईं। लोगों का आरोप है कि सफाई नहीं होने से सेक्टर में चारों ओर गंदगी फैली रहती है समय से न ही सेक्टर में सफाई होती है और न ही कूड़ा उठता है। इसके अलावा सेक्टर की मार्केट में न ही सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था है और न ही प्याऊ की कोई सुविधा प्राधिकरण की ओर से कराई गई है। जिस कारण सेक्टर निवासियों के अलावा बाहर से आने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्ट्रीट लाइटों के पोल नीचे से जर्जर हो गए हैं। कई तो टूटकर गिर भी चुके हैं, लगातार प्राधिकरण के अधिकारियों से समस्याओं की शिकायत की जा रही है। शोभा बिल्डर की ओर बनाई जाने वाली हाइ राइजिंग सोसाइटी का गेट अंदर आने की शिकायत की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।