नोएडा सेक्टर-62 में प्रदूषण कम करने, मेट्रो से अंतिम छोर तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने और फिट इंडिया अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया साइकिल डॉकिंग स्टेशन लंबे समय से बंद पड़ा है। स्टेशन पर ताला लटका हुआ है, जिससे इसका उद्देश्य अधूरा रह गया है। यदि यह सुविधा संचालित होती तो रोजाना सेक्टर-62 में कोचिंग, लाइब्रेरी और अन्य संस्थानों में आने वाले हजारों विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलता। खास बात यह है कि डॉकिंग स्टेशन के पीछे ही आईऑन (iON) परीक्षा केंद्र है, जहां विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाएं आयोजित होती हैं। परीक्षा के दिनों में इस क्षेत्र की सड़कें भारी भीड़ और जाम से प्रभावित रहती हैं। ऐसे समय में साइकिल सेवा चालू होने से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सुविधाजनक और किफायती आवागमन का विकल्प मिल सकता था।