नोएडा सेक्टर-6 स्थित एनईए ऑडिटोरियम में शुक्रवार को नोएडा बसंत महोत्सव के अंतर्गत 14वीं अंतर-विद्यालयीय भारतीय लोकनृत्य प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया और भारतीय लोकसंस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की। आयोजन में कुल 19 स्कूलों ने प्रतिभाग किया, जिनके विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को लोकनृत्य के माध्यम से मंच पर उतारा। रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और भावपूर्ण नृत्य मुद्राओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति में संबंधित राज्य की लोक परंपरा, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक पहचान साफ झलकती नजर आई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय लोककला से जोड़ना, सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना और मंच के माध्यम से उनकी प्रतिभा को निखारना रहा। आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, अभिभावकों और कला प्रेमियों की अच्छी उपस्थिति रही, जिन्होंने प्रतिभागी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। समापन अवसर पर परिणामों की घोषणा कर विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।