उच्च प्राथमिक स्कूल नंगला चरणदास में गुरुवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यालय में नवंबर में 100 फीसदी उपस्थिति वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। बैठक में जलवायु परिवर्तन के प्रभावों और प्लास्टिक प्रदूषण पर विस्तृत चर्चा की गई। अभिभावकों को बताया गया कि वह स्वयं भी घर एवं समुदाय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण में कैसे योगदान दे सकते हैं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटक पृथ्वी बीमार है विशेष रूप से सराहनीय रहा। नाटक में दिखाया गया कि कैसे प्रदूषण और मानव गतिविधियों के कारण हमारी पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के गंभीर प्रभाव सामने आ रहे हैं। बच्चों की शानदार अभिनय क्षमता और संदेशपूर्ण प्रस्तुति ने सभी अभिभावकों और शिक्षकों को प्रभावित किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापिका मनीषा, उमेश राठी, गरिमा मिश्रा, सीमा चौधरी, गीता, सीमा शर्मा, शमीम सहित आदि मौजूद रहे।