आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर यह समझ ही नहीं पाते कि उन्हें असल में खुशी किस चीज़ से मिलती है। कई बार तो लोगों को यह बताने में भी 5 से 10 मिनट लग जाते हैं कि उन्हें क्या खुश करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, खुशी पाने का पहला और सबसे जरूरी कदम है- अवेयरनेस यानी खुद को समझना। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. मीरा पाठक के मुताबिक, महिलाओं के लिए खुश रहना सिर्फ मानसिक नहीं बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है। महिला शरीर मुख्य रूप से हार्मोन्स पर निर्भर करता है, और ये हार्मोन्स सीधे तौर पर हमारी भावनाओं से जुड़े होते हैं। जब महिलाएं खुश रहती हैं, तो हार्मोन संतुलित रहते हैं, जिससे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। उन्होंने बताया कि दिन की शुरुआत एक क्लियर माइंडसेट के साथ करनी चाहिए। सुबह उठकर यह तय करना कि दिन को कैसे बिताना है, मानसिक स्पष्टता देता है। साथ ही मॉर्निंग वॉक, योग या हल्की एक्सरसाइज से शरीर में “हैप्पी हार्मोन्स” जैसे सेरोटोनिन का स्तर बढ़ता है, जिससे मूड बेहतर होता है। इसके अलावा, आज की युवा पीढ़ी में डोपामिन ओवरलोड एक बड़ी समस्या बन रही है, जो अधिक सोशल मीडिया और जंक फूड के कारण बढ़ रही है। इससे बचने के लिए संतुलित जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।