ग्रेटर नोएडा के मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलो इंडिया सेंटर होने के बावजूद जिले के कुश्ती खिलाड़ी मंडल व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने से वंचित रहे हैं। हाल ही में जूनियर महिला वर्ग की जिला स्तरीय कुश्ती ट्रायल में एक भी खिलाड़ी नहीं पहुंची। जबकि जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं हैं। खेल अधिकारियों का कहना है कि जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन संबंधित कुश्ती एसोसिएशन के समन्वय से किया गया था। ट्रायल की जानकारी समय से एसोसिएशन के पदाधिकारियों को दी गई थी, लेकिन उनकी ओर से एक भी महिला पहलवान को ट्रायल में नहीं भेजा गया। इसके चलते जिले से मंडलीय टीम में चयन के लिए कोई खिलाड़ी सामने नहीं आ सकी। खेलो इंडिया योजना का उद्देश्य जमीनी स्तर से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतियोगिताओं का अवसर देना है। इसका संचालन ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जा रहा है। सेंटर में पहलवानों के लिए कुश्ती मैट, जिम सहित आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही शासन स्तर से एनआईएस प्रशिक्षित कोच की भी तैनाती की हुई है, ताकि खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल सके। लेकिन इन सभी सुविधाओं के बावजूद जिले के पहलवान जिला, मंडल व राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से ही वंचित हो रहे हैं, तो राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में कैसे देश का नाम रोशन करेंगे।