ग्रेटर नोएडा सेक्टर-36 के गेट नंबर एक पर बनाए गए गार्ड रूम और पुलिस चौकी को प्राधिकरण के अधिकारियों ने अवैध बताकर बुलडोजर से गिरवा दिया है। वहीं, सेक्टर के आरडब्ल्यूए और स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए प्राधिकरण की इस कार्रवाई को गलत बताया है। लोगों ने कहा कि वह इस मामले के संबंध में सीईओ से मुलाकात कर शिकायत करेंगे। सेक्टर-36 के आरडब्ल्यूए के उपाध्यक्ष सुनील ने बताया कि उनकी कार्यकरणी की ओर से स्थानीय लोगों की मदद से सेक्टर के गेट नंबर एक पर गार्ड रूम और पुलिस चौकी बनवाई गई थी। जिसके संबंध में उन्होंने पहले प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों को जानकारी भी दी थी। लेकिन सोमवार को प्राधिकरण के अधिकारियों ने गार्ड रूम और पुलिस चौकी को अवैध बताते हुए बुलडोजर गिरवा दिया है। जिससे उनका काफी नुकसान हुआ है। वहीं, सेक्टर वासियों ने भी प्राधिकरण की इस कार्रवाई का विरोध जताया है। लोगों ने कहा कि सेक्टर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गार्ड रूम और पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया था। इसके निर्माण में करीब डेढ़ लाख रुपये लग गए थे। बिना सूचना व नोटिस दिए प्राधिकरण की टीम ने निर्माण को तोड़ दिया। आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि लगभग हर सेक्टर के गेट पर गार्ड रूम व पुलिस चौकी बनी हुई है, लेकिन प्राधिकरण ने कार्रवाई नहीं की। कार्रवाई सिर्फ सेक्टर 36 पर ही करना है। इसके लिए वह प्राधिकरण के सीईओ से मिलकर शिकायत करेंगे।