सेक्टर 125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में सोमवार को भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू ) की ओर से 38वें इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भव्य सांस्कृतिक रैली का आयोजन किया गया। इस मौके पर कुलपति डॉ. बलविंदर शुक्ला और भारतीय विश्वविद्यालय संघ की अतिरिक्त सचिव डॉ. ममता रानी अग्रवाल ने रैली को झंडा लहरा कर शुरू किया गया। साथ ही बताया कि इस एमिटी उत्सव का आयोजन सात मार्च तक होगा। इसमें पांच प्रमुख श्रेणियों में 28 प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें लगभग 148 विश्वविद्यालयों के 2500 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। पांच दिनों तक इस उत्सव में संगीत, नृत्य, रंगमंच, साहित्यिक कलाएं और ललित कलाएं, क्विज समेत अन्य भागो में प्रतियोगिताएं होंगी। सांस्कृतिक रैली में छात्रों ने भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाते हुए अपनी प्रतिभा को जीवंत कर दिखाया। साथ ही कई राज्यों के रंग-बिरंगे पोशाकों में छात्रों ने अपने देश की संस्कृति को दिखाया। इस वर्ष इस नेशनल यूथ फेस्टीवल के ग्रैड फिनाले का आयोजन एमिटी विवि में किया जा रहा है। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि प्रख्यात कुचिपुड़ी कलाकार पद्मश्री डॉ. राजा रेड्डी, राधा रेड्डी और प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना पद्मश्री कमलिनी अस्थाना और नलिनी अस्थाना भी रहीं।