ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से आयोजित लेखपाल मेन परीक्षा-2026 बृहस्पतिवार को गौतमबुद्ध नगर में भी शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। परीक्षा के माध्यम से प्रदेश में कुल 7,994 पदों पर भर्ती की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और परीक्षार्थियों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षार्थी समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी केंद्रों से बाहर निकलते नजर आए। प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। इस परीक्षा में परीक्षार्थियों को कंप्यूटर के सवालों ने उलझाया। ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित श्री अमीचंद इंटर कॉलेज में बने केंद्र में कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा संपन्न कराई गई।