नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए में चल रहे 25वें कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के ओपन वर्ग में सोमवार को खेले गए तीनों मुकाबले रोमांचक रहे। तीनों मैचों में शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन देखने को मिला। पहले मैच में खुर्राट XI ने मॉलिक्यूल्स इंडिया को 7 विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मॉलिक्यूल्स इंडिया की टीम 14 ओवर में 117 रन बनाकर सिमट गई। अक्षय त्यागी को मैन ऑफ द मैच और हनी खारी को फाइटर ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मैच में पायनियर क्रिकेट क्लब ने एन आर एफ इलेवन को 29 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पायनियर क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन बनाए। सत्यम ने 33 गेंदों पर नाबाद 90 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि मनीष ने 48 और यश ने 38 रन जोड़े। एन आर एफ टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 180/5 रन ही बना सकी। केशव ने 45 गेंदों पर 96 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सत्यम को मैन ऑफ द मैच और केशव को फाइटर ऑफ द मैच सम्मान मिला। तीसरे और दिन के अंतिम मुकाबले में एस्टर क्रिकेट एकेडमी ने एस.एस. नालंदा को 50 रनों से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए एस्टर ने 15 ओवर में 4 विकेट पर 171 रन बनाए। सचिन ने 55 और अर्जुन ने नाबाद 48 रन बनाए। जवाब में एस.एस. नालंदा की टीम 121 रन पर ऑल आउट हो गई। गेंदबाजी में स्पर्श ने 3, अनिकेत और कनिष्क ने 2-2 विकेट लिए। सचिन शर्मा को मैन ऑफ द मैच और सैंडी को फाइटर ऑफ द मैच चुना गया।