सूरजपुर कस्बे में सोमवार सुबह गद्दे के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचनापर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने समय रहते पहुंचकर आग को फैलने से रोक लिया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि आग के कारण लाखों का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 8:30 बजे आग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की तेज लपटों के कारण उठे धुएं से इलाके में वायु प्रदूषण फैल गया। वहीं दमकल कर्मियों ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान गोदाम में रखे लाखों रुपये कीमत के गद्दे और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। अगर समय रहते दमकल कर्मी मौके पर नहीं पहुंचते, तो आग आसपास के अन्य गोदामों तक भी फैल सकती थी, जिससे भारी नुकसान की आशंका थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग लगी हो सकती है। इस संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। आग बुझाने के बाद गोदाम के आसपास के हिस्सों का भी निरीक्षण किया। जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि दोबारा आग न भड़के।