थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के विदेशी मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान निवासी मधुबन विहार, दीपक कुमार निवासी सूरजपुर मूल निवासी अल्मोड़ा उत्तराखंड, शिवम कुमार निवासी वर्तमान पता सेक्टर-82 नोएडा और बोबी निवासी हल्दौनी के रूप में हुई है। बरामदगी में 1 किलो 50 ग्राम सिलोंग गांजा, 70 ग्राम शैम्पेन एमडी , 75 ग्राम ओजी, 144 एमडीएमए की गोलियां, 63 ग्राम काला हैश, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। आरोपी स्कूल, कॉलेज और छात्रावासों में रहने वाले छात्रों को महंगे दामों पर नशे का सामान बेचते थे। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि नॉलेज पार्क पुलिस ने गुरुवार को क्राउन एक्सपो की ओर से एक्सपोमार्ट जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिस पिकेट के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी विदेशी किस्म के मादक पदार्थों की छोटी-छोटी पुड़िया और गोलियां तैयार कर स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों को तीन से चार हजार रुपये प्रति ग्राम अथवा निर्धारित मात्रा के हिसाब से बेचते थे। आरोपी युवाओं को नशे की लत लगाकर आर्थिक लाभ कमाने का प्रयास कर रहे थे और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में एनडीपीएस एक्ट की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि यह मादक पदार्थ उन्हें कहां से प्राप्त होते थे और इनके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके अलावा इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। आरोपियों का संपर्क किसी अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट से तो नहीं है। बरामद विदेशी मादक पदार्थों को देखते हुए पुलिस सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों के आसपास नशे की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी जो युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर उनका भविष्य बर्बाद करने का प्रयास कर रहे हैं।