ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित सवित्री बाई फुले बालिका इंटर कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सोमवार को अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपराजिता कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने छात्राओं से कहा कि सफलता हासिल करने के लिए पहले लक्ष्य को तय करना होगा। लक्ष्य तय करने के बाद ही सफलता का पीछा आसानी से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई आपके साथ कोई गलत कर रहा हो तो उसे बिल्कुल भी सहन न करें। हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की आदत डालनी होगी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि हमेशा हम अपने अधिकारों को जानने के बाद भी शांत रहते हैं। देश के संविधान ने हमें कई अधिकार दिए हैं।