ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी मॉल में एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मॉल के पीवीआर सिनेमा में फिल्म पुष्पा-2 देखने के दौरान सुरक्षा गार्डों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें पीड़ितों की व्यथा साफ झलक रही है। 38 सेकेंडे के वीडियो में पीड़ित युवक ने सोशल मीडिया पर शेयर किए वीडियो में आरोप लगाया है कि मॉल स्टाफ और गार्डों ने न केवल उनके साथ अभद्रता की बल्कि उनका चश्मा भी तोड़ दिया। वहीं महिला का आरोप है कि उनके पिता और भाई के साथ मारपीट की गई। महिला ने कहा कि उनके परिवार के साथ जान-बूझकर दुर्व्यवहार किया गया। वहीं बिसरख कोतवाली पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पीड़ित परिवार ने अपनी आपबीती सुनाई। इस घटना ने मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं सोशल मीडिया पर लोग इस घटना की निंदा कर रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बिसरख कोतवाली के प्रभारी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। मॉल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।