बच्चों पुलिस से डरने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस आपके अधिकारों की सुरक्षा के लिए हमेशा 24 घंटे उपलब्ध रहती है। बिना डर व झिझक के पुलिस को अपना दोस्त मानकर अपनी बात कह सकते हैं। यह बातें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दोस्त पुलिस कार्यक्रम के दौरान सेक्टर-39 स्थित महिला थाने में पहुंची छात्राओं से महिला पुलिस थाना की एसएचओ संदीपा चौधरी ने कहीं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित इंस्पायर इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं को बताया कि महिला के विरुद्ध होने वाले अपराधों की सूचना किसी भी थाने के महिला हेल्प डेस्क, महिला थाना, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 या डायल 112 पर दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल कम से कम करें। अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अगर कोई फोन या मैसेज करके, स्कूल-कोचिंग आने-जाने के दौरान रास्ते में परेशान कर रहा है तो हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं। उन्होंने छात्राओं को बताया कि अगर महिला अकेली रात के समय कहीं जा रही हो तो किसी भी परिस्थिति में खुद को असुरक्षित महसूस न समझे। आपके एक फोन पर महिला पुलिस सहायता के लिए पहुंच जाएगी। वहीं, दुर्गा शक्ति एप का लाल बटन दबाने से पुलिस आपकी मदद मिलेगी। इसलिए खुद को एप पर रजिस्टर कर लें। उन्होंने कहा कि बिना पहचान वाले नंबर से आने वाली वीडियो कॉल रिसीव न करें। क्योंकि इस तरह की वीडियो कॉल के बाद ब्लैकमेल करके पैसे मांगे जाते हैं। छात्राओं ने महिला थाने के हर पटल के बारे में जाना। छात्राओं ने कहा कि थाने में आकर उनको कई नई जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि अमर उजाला फाउंडेशन का दोस्त पुलिस कार्यक्रम काफी अच्छी पहल है। पुलिस के पास जाने का डर भी समाप्त हो गया। छात्रा ने पूछा कि यदि थाने में शिकायत दर्ज न हो तो क्या करें। एसएचओ संदीपा चौधरी ने बताया कि ऐसा कभी नहीं होता है। यदि कभी हो तो ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है। इस मौके पर हिमा सैनी,नसरथ,शिखा आदि मौजूद रहीं।