नोएडा की आम्रपाली प्लेटिनम सोसाइटी के निवासी इन दिनों सोसाइटी की बदहाल स्थिति से परेशान हैं। यहां 15वीं मंजिल की बालकनी से गिरते बड़े-बड़े प्लास्टर के टुकड़े लोग चोटिल हो रहे हैं, वहीं पीने की पाइपलाइन लंबे समय से न बदलने के कारण लीपेज समेत बेसमेंट में जलभराव की समस्या बनी हुई है। सेक्टर 119 स्थित आम्रपाली प्लेटिनम सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि इन दिनों सोसाइटी की जर्जर हालत देख निवासियों ने अपना आशियाना बदलना भी शुरू कर दिया है। फ्लैट खरीदार राकेश कुमार सक्सेना ने बताया कि उन्होंने करीब पांच साल पहले यहां फ्लैट खरीदा था। उनके फ्लैट में बने दो में से सिर्फ एक टॉयलेट रूम में पानी आता है। इसके अलावा कई समस्याओं के चलते वह अब अपने परिवार के साथ दूसरी जगह किराए पर रह रहे हैं। फ्लैट खरीदार अमित गुप्ता ने बताया कि यहां कई बार जिम्मेदार अधिकारी सड़क का निर्माण शुरू करते हैं, लेकिन आधा अधूरा छोड़ देते हैं। इससे कई बार सड़क दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। अनिल गोयल ने कहा कि अधिकारियों को पानी की पाइपलाइन बदलनी थी, लेकिन उन्होंने नहीं बदली। इसके चलते फ्लैटों में सीपेज की समस्या बढ़ती जा रही है, जो बिल्डिंग को कमजोर कर रही है। दावा है कि पानी के टैंक भी क्षतिग्रस्त हैं।