महिला पुलिस आपकी मदद के लिए है। डरने की जरूरत नहीं है। मुसीबत में हिम्मत से काम लेना होगा। यदि एक बार आप चुप हो गई। तो आगे भी आपके साथ अन्याय हो सकता है। इसके लिए हमें शांत रहने की जरुरत नहीं है। आपको अपने लिए खुद आवाज उठानी होगी। यह बातें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दोस्त पुलिस कार्यक्रम के दौरान सेक्टर 39 में स्थित महिला पुलिस थाना की एसएचओ संदीपा चौधरी ने बादलपुर के कुमारी मायावती राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं से कहीं। उन्होंने छात्राओं को बताया कि अगर महिला अकेली रात के समय कहीं जा रही हो तो किसी भी परिस्थिति में खुद को असुरक्षित महसूस न समझे। आपके एक फोन पर महिला पुलिस सहायता के लिए पहुंच जाएगी। वहीं, दुर्गा शक्ति एप का लाल बटन दबाने से पुलिस आपकी मदद मिलेगी। इसलिए खुद को एप पर रजिस्टर कर लें। उन्होंने कहा कि महिला के विरुद्ध होने वाले अपराधों की सूचना किसी भी थाने के महिला हेल्प डेस्क, महिला थाना, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 या डायल 112 पर दी जा सकती है। टीम ने छात्राओं को दुर्गा शक्ति व डायल-112 की ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सोशल मीडिया का इस्तेमाल कम से कम करें। अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अगर कोई फोन या मैसेज करके, स्कूल-कोचिंग आने-जाने के दौरान रास्ते में परेशान कर रहा है तो हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं। बिना पहचान वाले नंबर से आने वाली वीडियो कॉल रिसीव न करें। क्योंकि इस तरह की वीडियो कॉल के बाद ब्लैकमेल करके पैसे मांगे जाते हैं। छात्राओं ने महिला थाने के हर पटल के बारे में जाना। छात्राओं ने कहा कि थाने में आकर उनको कई नई जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि अमर उजाला फाउंडेशन का दोस्त पुलिस कार्यक्रम काफी अच्छी पहल है। पुलिस के पास जाने का डर भी समाप्त हो गया। छात्रा ने पूछा कि यदि थाने में शिकायत दर्ज न हो तो क्या करें। एसएचओ संदीपा चौधरी ने बताया कि ऐसा कभी नहीं होता है। यदि कभी हो तो ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है। छात्राओं ने कहा, यदि कोई लड़का मुझे ब्लैकमेल करे, और ये कहे कि पुलिस से शिकायत पर वह मेरी तस्वीरों को वायरल कर देगा, ऐसी स्थिति में क्या करें?। उन्होंने बताया कि डरने की जरूरत नहीं है। शिकायत दर्ज करायें। लड़की की पहचान गोपनीय रखते हुए पुलिस उसकी मदद करेगी और आरोपी पर सख्त कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही छात्राओं ने मालखाना, एफआईआर रजिस्टर के साथ ही पूरे थाने को समझा। इस मौके पर गोदावरी गोस्वामी, दिनेश पाल सिंह, चंद्रभान सिंह, हिमा सैनी, अंजू, प्रमोद, जगपाल, सुजाता चतुर्वेदी, वंदना यादव, मेघा खन्ना और ममता मौजूद रहीं।