ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित रक्षा एडेला सोसाइटी में शुक्रवार को प्लास्टर गिरने से बड़ा हादसा टल गया। घर में काम कर रही घरेलू सहायिका बाल बाल हादसे का शिकार होने से बच गई। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं,लेकिन एओए की ओर से कोई कदम नहीं उठाएं जा रहे हैं। निवासियों ने बताया कि सोसाइटी के डी 603 फ्लैट नंबर में सौरभ तिवारी रहते हैं। उनके फ्लैट में प्लास्टर का बड़ा टुकड़ा छूटकर गिरा, जोकि बालकनी में लगे टीन शेड को तोड़ते हुए अंदर जाकर गिरा, इस दौरान वहां पर घरेलू सहायिका का कार्य कर रही थी, जोकि बाल बाल बाल हादसे का शिकार होने से बच गई। यदि प्लास्टर का हिस्सा महिला के सर पर गिर जाता तो वह गंभीर रूप से घायल हो सकती थी। वहीं, लोगों ने बताया कि प्लास्टर का कुछ हिस्सा नीचे सोसाइटी परिसर में बने पार्क में भी जाकर गिरा, इस दौरान वहां एक महिला टहल रही थी। वह भी बाल बाल बच गई। लोगों का आरोप है कि एओए से भी शिकायत की जाती है, लेकिन कोई सुनवाई करने को तैयार नहीं है। हर महीने समय से लोग सोसाइटी के मेंटेनेंस का भुगतान करते हैं, उसके बाद भी रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। वहीं एओए सचिव अंजनी कुमार ने बताया कि सभी आरोप गलत हैं। बिल्डर की ओर से दो ब्लॉक का काम करा दिया गया है। बचा हुआ कार्य भी एक दो महीने में पूरा हो जाएगा।