बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण शहर की हवा खराब हो रही है। लोग घरों में वायु प्रदूषण से निजात के लिए घरों में प्राकृतिक ऑक्सीजन स्रोत यानी ऑक्सीजन देने वाले पौधे भी लगाने लगे हैं। यह पौधे न केवल शुद्ध हवा प्रदान करते हैं, बल्कि घरों और बालकनी की सुंदरता भी बढ़ाते हैं। पिछले 20 दिन में शुद्ध हवा देने वाले पौधों की मांग बढ़ी है। प्रदूषण की वजह से ऐसे पौधों की मांग बढ़ रही है, जो वायु को शुद्ध करने का काम करते हैं। इन पौधों को लगाने से जहरीली हवा से निपटा भी जा सकता है और वातावरण को साफ और शुद्ध भी बनाया जा सकता है। इन पौधों की सबसे बड़ी खासियत है कि इन्हें देखभाल की भी कम जरूरत होती है। इसमें भी इंडोर प्लांट की सबसे अधिक मांग है। लोग ऐसे पौधे मांग रहे हैं, जो पीएम 2.5 को सोख लेते हैं। इन पौधों को लोग बालकनी, मुख्य दरवाजे, कमरों के अंदर और किचन में रख सकते हैं। अक्तूबर के मध्य तक इनकी कीमत 30 से 100 रुपये थी, जो अब बढ़कर 50 से 200 रुपये तक हो गई है। रूट्स नर्सरी के माली दिनेश कुमार का कहना है कि शुद्ध हवा उपलब्ध कराने वाले स्नेक प्लांट, एग्लोनिमा पिंक, एरेका पाम, पीस लिली, तुलसी, बैंबू पाम, रबर प्लांट की मांग बढ़ी है। इनमें कई पौधे ऐसे हैं जिन्हें 15 दिन में एक बार पानी देने की आवश्यकता है। पौधें हवा में मौजूद हानिकारक तत्वों को कम करके वातावरण को शुद्ध बनाते हैं। यह प्राकृतिक ऑक्सीजन स्रोत हैं, जो स्वच्छ हवा का स्रोत बन सकते हैं। इन पौधों को घर में लगाने से एक प्राकृतिक वायु शोधक का लाभ मिलता है और लंबे समय तक यह स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद रहते हैं। पौधे तनाव को कम करने में भी सहायक होते हैं और मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाते हैं।