दिल्ली-एनसीआर में पिछले एक सप्ताह से ठंड के बढ़ते प्रकोप ने जनजीवन के साथ-साथ बाजार की रफ्तार भी तेज कर दी है। तापमान में गिरावट आते ही ग्रेटर नोएडा की मार्केटों में ऊनी कपड़ों की मांग अचानक बढ़ गई है। रजाई, कंबल, जैकेट, स्वेटर और अन्य ऊनी वस्तुओं की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। ग्रेटर नोएडा के जगत फार्म मार्केट में शनिवार में ठंड से बचाव के लिए लोग बड़ी संख्या में बाजारों का रुख कर रहे हैं। खासतौर पर मफलर, टोपी, दस्ताने और गर्म जैकेट की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है। दुकानदारों के मुताबिक, इस साल ठंड थोड़ी देर से आई, लेकिन आते ही ऊनी कारोबार को नई जान मिल गई है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में बिक्री में 30 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए बाजार में नए डिजाइन और किफायती रेंज के ऊनी कपड़े भी उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, ग्राहकों का कहना है कि कड़कती ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों की खरीदारी अब जरूरी हो गई है। जगत फार्म बाजार के दुकनदार रामकुमार का कहना है कि बढ़ती ठंड ने जहां लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर किया है, वहीं ऊनी कारोबारियों के चेहरों पर मुस्कान भी लौटा दी है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के साथ ही बाजारों में खरीदारी का यह सिलसिला और तेज होने की उम्मीद है।