ग्रेटर नोएडा में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने रविवार को गौड़ सिटी मॉल स्थित लेंसकार्ट के शोरूम पर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कंपनी की कथित ड्रेस कोड नीति के खिलाफ किया गया। जिसमें हिंदू धार्मिक प्रतीकों तिलक, बिंदी, सिंदूर और कलावा पर प्रतिबंध लगाए जाने की खबरों से आक्रोश जताया गया। कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को तिलक लगाकर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भारत में व्यापार करने वाली किसी भी कंपनी को यहां की संस्कृति, आस्था और धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करना चाहिए। बजरंग दल के जिला संयोजक अंकित शर्मा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि धार्मिक पहचान और परंपराओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी कंपनी की नीति हिंदू प्रतीकों का अपमान करती है, तो उसका विरोध देशभर में किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कंपनी प्रबंधन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें विवादित ड्रेस कोड नीति को तत्काल निरस्त करने, सभी धर्मों के प्रतीकों के प्रति समान सम्मान सुनिश्चित करने और सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट कर हिंदू समाज से माफी मांगने की मांग शामिल है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही संतोषजनक कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनका विरोध शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन आस्था के अपमान को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान मनीष, शेंकी, लक्की, अमरीश, राकेश, शांतनु और विवेक समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।