जिस नोएडा को शहर को प्रदेश का शो विंडो कहा जाता है। एयरपोर्ट के रनवे पर हवाई सेवा उड़ान भरने को तैयार है। उसी शहर का एक दूसरा पहलू यह भी है कि यहां के सेक्टर-80 में न तो मोबाइल का नेटवर्क काम करता है, न ही यहां के उद्यमियों को समुचित बिजली मिल पाती है। सड़कें टूटी पड़ी हैं और सेक्टर के एक हिस्से में मंडी लगने से रोज गंदगी का आलम रहता है। ऐसे में कई बायर यहां आने व ऑर्डर देने से भी कतराने लगे हैं। कुछ तरह की कुछ अन्य समस्याओं को भी को सेक्टर-80 सी-14 में आयोजित एनईए अमर उजाला इंडस्ट्री संवाद कार्यक्रम में उद्यमियों ने रखी। सेक्टर-80 के उद्यमियों का कहना है कि यह सेक्टर आवासीय और औद्योगिक दोनों हैं। प्रदेश सरकार व प्राधिकरण ने बहुराष्ट्रीय स्तर की कई बड़ी इकाईयों को भी यहां भूखंड आवंटित किया है जो क्रियाशील हो चुकी है। बावजूद इसके यहां के उद्यमियों को मोबाइल कंपनियों के बेहतर नेटवर्क भी नहीं मिल पा रहा है। सेक्टर व इकाईयों में प्रवेश करते ही मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह से ध्वस्त हो जाता है।