प्रदेश में एक जून से 23 जुलाई तक सामान्य से 19 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज होने के बाद कृषि विभाग ने किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। गौतमबुद्ध नगर में भी खरीफ फसलों पर संभावित असर को देखते हुए विभाग ने किसानों से फसल प्रबंधन और सिंचाई को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। कृषि विभाग की ओर से जारी सलाह में कहा गया है कि जिन क्षेत्रों में वर्षा कम हुई है, वहां किसान धान सहित खरीफ फसलों में नमी बनाए रखें और आवश्यकता पड़ने पर जीवन रक्षक सिंचाई करें। खेतों में दरारें नहीं पड़ने दें तथा वर्षा जल का अधिकतम संग्रह कर उसका उपयोग सिंचाई में करें। एडवाइजरी में किसानों को मौसम साफ रहने पर ही कीटनाशकों का छिड़काव करने, फसलों की नियमित निगरानी करने और कम वर्षा वाले क्षेत्रों में अरहर, उड़द, मूंग, तिल, ज्वार व रागी जैसी वैकल्पिक फसलों को अपनाने की सलाह दी गई है।