महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने पूरी आस्था और भक्ति भाव के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया और महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। नोएडा के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रही। मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी लाइनें लगी रहीं। मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नोएडा प्राधिकरण ने मंदिर में गंगा जल उपलब्ध कराया, जिससे भक्तों ने भगवान शिव का अभिषेक किया। भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। दोपहर के समय भी हजारों श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा करने के लिए कतार में खड़े नजर आए। मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। ब्रह्म मुहूर्त में मंदिरों में विशेष शिव आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शिवरात्रि व्रत रखने वाले भक्तों ने दिनभर उपवास रखा और रात्रि जागरण कर शिव महिमा का गुणगान किया।