गुरुग्राम के सेक्टर-58 स्थित श्रीराम टेबल टेनिस अकादमी में प्रथम हरियाणा राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता हरियाणा टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। 22 जून से शुरू हुई यह पांच दिवसीय प्रतियोगिता 27 जून तक चलेगी, जिसमें हरियाणा के करीब 22 जिलों से 500 से अधिक बालक-बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। अंडर-11 बालिका वर्ग में पलवल की फागुन गुप्ता ने फाइनल मुकाबले में गुरुग्राम की श्रीजा अग्रवाल को 11-4, 11-4, 12-10 के सीधे गेमों में पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। अंडर-17 बालक वर्ग में गुरुग्राम के ईशान नायक ने फाइनल में करनाल के वत्सल दुगलान को 3-0 से एकतरफा मात देकर खिताबी जीत दर्ज की। अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में फरीदाबाद के शौर्य कुमार ने गुरुग्राम के धियान बत्रा को 11-7, 7-11, 11-6, 13-11 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।