गुरुग्राम जिले के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए विक्ट्री कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। फिट इंडिया के तत्वावधान में आयोजित यह टूर्नामेंट विशेष रूप से अंडर-17 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए है, जिसमें 2009 या उसके बाद जन्मे खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। यह प्रतियोगिता 6 वी 6 फॉर्मेट में खेली जाएगी, जो खिलाड़ियों की गति और फुर्ती की परीक्षा लेगी। यह आयोजन 20 जून को सेक्टर 57 स्थित हॉपर में आयोजित की जाएगी। इस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसके साथ ही व्यक्तिगत उत्कृष्टता को पहचानने के लिए बेस्ट गोलकीपर, बेस्ट डिफेंडर, बेस्ट प्लेयर और टॉप स्कोरर को भी सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिले की फुटबॉल टीम में खेलने का मौका मिलेगा। प्रशिक्षक और आयोजक आदिल ने बताया कि प्रतियोगिता में 12 टीमें हिस्सा ले रही है। इसमें जिले की निजी अकादमियों और स्कूलों की टीमें हिस्सा लेगी। जो भी टीम जीतेगी उन्हें पुरस्कार और उस टीम के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को प्रदेश की टीम में खेलने के लिए ट्रायल देने का मौका मिलेगा।