गुरुग्राम में शनिवार को जीएनएच कन्वेंशन सेंटर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत एक प्रबुद्ध जन गोष्ठी आयोजित की गई। हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने इसमें मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती और सांविधानिक मूल्यों की रक्षा पर अपने विचार रखे। भाजपा गुरुग्राम के जिला मीडिया प्रभारी अजय दुआ ने बताया कि कैप्टन अभिमन्यु ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में जन-जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने सकारात्मक संवाद और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक नागरिकों में निहित है। यह सांविधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने से मजबूत होता है। गोष्ठी के दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने पर विचार-मंथन हुआ। सांविधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने और सुशासन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी वक्ताओं ने बल दिया। उन्होंने समाज में सकारात्मक और रचनात्मक संवाद को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।