मानेसर के सेक्टर एक पार्क में सफाई कर्मचारियों की तरफ से बृहस्पतिवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है। कर्मचारियों ने सरकार और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए 19 सूत्रीय मांगों के समाधान की मांग उठाई। सफाई कर्मचारियों ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग करने, ठेका प्रथा बंद करने और पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग को लेकर हडताल की। इसके अलावा 25 अप्रैल 2020 व 17 अगस्त 2020 के समझौतों को लागू करने की भी मांग की गई है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें निगम की तरफ से समय पर वेतन नहीं मिलता। और अगर वेतन मिलता भी है, तो उसमें कटौती करके कम पैसे दिए जाते हैं। ऐसे में आर्थित स्थिति का सामना करना पड़ता है। कर्मचारी संघ ने 1366 फायरमैन और फायर ड्राइवरों को 2268 स्वीकृत पदों पर समायोजित कर नियमित करने की मांग रखी है। साथ ही कोरोना काल में ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर आश्रितों को 50 लाख रुपये मुआवजा और पक्की नौकरी देने व 4 हजार रुपये जोखिम भत्ता लागू करने की भी मांग की गई है।