गुरुग्राम सेक्टर-43 क्षेत्र में राहगीरों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए फुटपाथों का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही सड़क की ओर मजबूत बैरिकेडिंग भी लगाई गई है ताकि पैदल चलने वाले लोगों को तेज रफ्तार वाहनों से सुरक्षित रखा जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पहल से क्षेत्र में पैदल आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो गई है। जानकारी के अनुसार सेक्टर-43 की कई सड़कों पर लंबे समय से फुटपाथों की कमी महसूस की जा रही थी। लोगों को मजबूरी में सड़क के किनारे चलना पड़ता था जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। सुबह और शाम के समय जब वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती थी तब बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब नए फुटपाथ बनने और बैरिकेडिंग लगने के बाद लोगों को सुरक्षित रास्ता मिल गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बैरिकेडिंग के कारण वाहन अब फुटपाथ के करीब नहीं आ रहे है। वहीं क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को भी ट्रैफिक के बीच सुरक्षित तरीके से चलने में मदद मिलेगी। स्थानीय निवासी मनजीत का कहना है कि इस तरह की सुविधाएं शहर के अन्य सेक्टरों में भी विकसित की जानी चाहिए। उनका मानना है कि बढ़ते ट्रैफिक और सड़क हादसों को देखते हुए फुटपाथ और सुरक्षा बैरिकेडिंग आज की जरूरत बन चुकी है।