गुरुग्राम। शहर में इन दिनों डाकघर की बचत योजनाओं को लेकर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। अप्रैल माह में ही 1217 लोगों ने डाकघर की पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट योजना में निवेश किया है। सुरक्षित निवेश, सरकारी गारंटी और बैंक की तुलना में बेहतर ब्याज दरों के कारण आम नागरिकों का भरोसा इस योजना की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सरकार की गारंटी होती है और निवेश पर तय ब्याज मिलता है। वर्तमान में इस योजना पर 8 प्रतिशत तक का ब्याज दिया जा रहा है। जिससे निवेशकों को काफी फायदा हो रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और निजी निवेश योजनाओं में जोखिम के चलते लोग ऐसे विकल्प तलाश रहे हैं, जहां पैसा सुरक्षित रहे और निश्चित रिटर्न मिले। डाकघर की यह योजना इसी जरूरत को पूरा कर रही है। केंद्र सरकार की ओर से संचालित होने के कारण इन योजनाओं में निवेश पूरी तरह सुरक्षित माना जाता है।