गुरुग्राम शहर में अतिक्रमण और अनधिकृत कब्जों के खिलाफ नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) का विशेष अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। निगम की विभिन्न टीमों ने धनवापुर, सेक्टर-34, न्यू कॉलोनी और सेक्टर-56/57 समेत कई क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। जोन-3 के धनवापुर क्षेत्र में इंफोर्समेंट टीम ने दुकानों, होटलों और सड़क किनारे ढाबों के बाहर लगाए गए अस्थायी शेड और अन्य अनधिकृत निर्माण हटाए। सेक्टर-56/57 डिवाइडिंग रोड, हांगकांग मार्केट के पास और सेक्टर-34 में भी टीमों ने अभियान चलाया। वहीं, न्यू कॉलोनी में रैंप, सीढ़ियों और अन्य प्रकार के अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई। निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।