गुरुग्राम सेक्टर-49 स्थित ऑर्किड पेटल्स सोसाइटी में दिल्ली के महरौली की भाजपा जिला अध्यक्ष ममता भारद्वाज के घर से गहने और नकदी चोरी करने वाले एक आरोपी को अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किए गए आरोपी से पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के गहने बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान बजुरा (नेपाल) के बुडीगंगा निवासी युवराज थापा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से सोने के दो हार, सोने की एक अंगूठी, सोने की एक चेन और सोने व डायमंड का एक ब्रेसलेट बरामद किया है। वहीं, अन्य गहने उसके साथी भीम बहादुर जोरा के पास हैं। ऐसे में गुरुग्राम पुलिस की टीम युवराज के साथी भीम बहादुर जोरा को पकड़ने की तलाश में जुटी है। शुक्रवार को आरोपी युवराज को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी युवराज थापा ने बताया कि वह दो माह पहले दिल्ली में एक ढाबे पर काम करता था। सात दिन पहले वह ममता भारद्वाज के घर में सहायक के तौर पर लगा था। इसी दौरान घर में रखे गहने व नकदी देखने पर उसके मन में लालच आ गया था। परिवार वाले घर से बाहर गए तो उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर गहने व नकदी की चोरी कर ली। युवराज का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। युवराज थापा ने पुलिस को बताया कि विला में चोरी करने के बाद उसने अपने साथी भीम बहादुर जोरा के साथ गहने व अन्य सामान को आपस में बांट लिया और अलग-अलग हो गए थे। युवराज थापा चोरी करने की वारदात के बाद वापस नेपाल भागने की फिराक में था। गुरुग्राम की अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए करीब आठ घंटे में आरोपी को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। सेक्टर-49 स्थित ऑर्किड विला निवासी ममता भारद्वाज ने सेक्टर-50 थाने में शिकायत दी थी कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 8.30 बजे वह अपने पति के साथ ऑर्किड पेटल सोसाइटी में बने पार्क में घूमने गई थी। जब वे वापस घर लौटे तो उनका घरेलू सहायक युवराज थापा वहां नहीं मिला। वहीं, कमरे में अलमारी के लॉकर से जेवरात और दो लाख रुपये गायब मिले। शिकायत के आधार पर सेक्टर-50 थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी युवराज थापा को जेल भेज दिया है। उसके दूसरे साथी आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।