गुरुग्राम में भगवान जगन्नाथ भक्तों को दर्शन देने केे लिए मंदिर से निकल कर सड़क पर पहुंचे। रथ पर सवार भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भैया बलभद्र के दर्शन के लिए लोग सड़क पर उमड़ गए। रथ खींचने वाले श्रद्धा और उत्साह में डूबे थे। बृहस्पतिवार को शहर की सड़कों पर जय जगन्नाथ और हरि बोल के जय घोष गूंजते रहे। गुरुग्राम में रथ यात्रा स्थलों पर जगन्नाथपुरी जैसा नजारा दिखा। सेक्टर 15 पार्ट टू स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में सुबह से पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। भगवान का भोग के प्रसाद का भंडारा लगाया गया। मंदिर के बाहर ओडिशा के व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। रथ यात्रा से पहले भगवान के रास्ते पर झाड़ू लगाने के लिए दिल्ली से आयकर आयुक्त प्रफुल्ल कुमार पुष्टि पहुंचे। पुरी की जगन्नाथ यात्रा में राजा द्वारा झाड़ू लगाने की परिपाटी रही है। मंदिर के अध्यक्ष आलेख मलिक, महासचिव प्रभाकर शामल, पुष्पकांत शामल, रमेश प्रधान गगन बेहरा आदि ने रथ यात्रा का प्रबंधन किया। रथ यात्रा सेक्टर 15 पार्ट टू से झाड़सा रोड होते हुए दोबारा मंदिर पहुंची, जहां शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सेक्टर 10 सामुदायिक भवन से जगन्नाथ सेवा समिति की ओर से रथ यात्रा निकाली गई। इसमें काफी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया। खांडसा मंडी, चार आठ मरला होते हुए यह रथ यात्रा सामुदायिक भवन पहुंची। रास्ते में भक्तों को भगवान जगन्नाथ प्रसाद मिला। भक्तों के रथ खींचने की होड़ रही।