दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित राजीव चौक को री-डिजाइन कर राहगीरों और दो पहिया वाहन चालकों के अनुकूल बनाया गया है। अब चौक पर पौधे लगा दिए गए हैं। इससे चौक की सुन्दरता बढ़ गई है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण राजीव चौक जंक्शन का पुनर्विकास कराया है। इस कार्य को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, पीडब्ल्यूडी निर्देशों के अनुसार और भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के साथ किया गया है। राजीव चौक शहर का एक महत्वपूर्ण और अत्यधिक व्यस्त चौराहा है। जंक्शन को री-डिजाइन, यातायात प्रबंधन में सुधार के साथ-साथ राहगीरों की सुरक्षित आवाजाही को सुविधाजनक बनाया गया है। यहां पर पौधे लगाने का काम बाकी था, जिसे अब पूरा करा दिया गया है। राजीव चौक पर अंडरपास और फ्लाई ओवर बनने के बाद सिग्नल फ्री कर दिया गया था। वाहनों के दबाव को देखते हुए स्मार्ट ट्रैफिक लाइट लगा दी गई है। इसके अलावा टेबल टॉप के निर्माण, थर्मोप्लास्टिक रंबल स्ट्रिप्स, साइनेज और साइन बोर्ड और जेब्रा क्रॉसिंग आदि से संबंधित कार्य कराए गए हैं।