गुरुग्राम। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर साइबर ठगी मामले में जांच करते हुए पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर पर रेड की है। पुलिस टीम ने यहां से एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी बीते 5 महीने से इस तरह फर्जी कॉल सेंटर चलाकर ठगी कर रहे थे। पुलिस से बचने के लिए ये लोग 10-15 दिन में ठिकाना ही बदल देते थे। साइबर क्राइम थाना साउथ पुलिस को 11 मार्च को एक व्यक्ति ने शिकायत दी। इसमें आरोप लगाया गया कि क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर उनसे संपर्क कर एक लिंक भेजा गया। इसके बाद उनसे 28 हजार रुपये ठग लिए गए। मामले में एफआईआर दर्ज कर साइबर क्राइम थाना साउथ एसएचओ इंस्पेक्टर नवीन की अगुवाई में टीम ने जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस टीम ने दिल्ली में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर रेड की 1 महिला सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में राहुल, अनुजपाल, गौरव, मुकुल किरार व आंचल शामिल हैं। सभी की उम्र 20-25 साल के बीच है और ये दिल्ली के ही रहने वाले हैं। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करते हैं। ये आरोपी यह काम एक अन्य व्यक्ति (मुख्य आरोपी) के कहने पर करते हैं। इसके बदले पकड़े गए आरोपियों को सैलरी मिलती है। कॉल करने के लिए डेटा इन आरोपियों को एक अन्य व्यक्ति (मुख्य आरोपी) उपलब्ध कराता है। डेटा के आधार पर ये लोगों को कॉल कर क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर लिंक भेज ठगी करते हैं। क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन सामान खरीद लेते हैं। खरीदे गए सामान को मुख्य आरोपी को दे देते हैं। अगर सामान की कीमत 5-7 हजार होती है तो वह उसको बेचकर रुपए प्राप्त कर लेते हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ये आरोपी कॉल सेंटर जनवरी 2026 से चला रहे थे। आरोपी ठगी की वारदात करने के बाद दो-तीन दिन अपना सारा काम बंद कर देते थे। बाद में फिर से ठगी करने लगते। आरोपी पुलिस से बचने के लिए 10 से 15 दिन में अपनी जगह बदल लेते थे। एसीपी साइबर क्राइम गौरव फौगाट ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। मामले में जांच अभी जारी है।