गुरुग्राम। शहर में बारिश के पानी की निकासी बेहतर करने और भूजल रिचार्ज बढ़ाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण सात प्रमुख सेक्टर डिवाइडिंग सड़कों के किनारे ग्रीन एरिया विकसित और अपग्रेड करेगा। इन ग्रीन बेल्ट को इस तरह तैयार किया जाएगा कि बारिश का पानी सड़कों पर जमा होने के बजाय प्राकृतिक रूप से जमीन में समा सके। जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने बताया कि सेक्टर 47/49, 47/50, 43/53, 43/52ए, 44/52, 45/52 और 46/51 के बीच सेक्टर डिवाइडिंग सड़कों के किनारे ग्रीन एरिया विकसित किए जाएंगे। जीएमडीए ने इन सड़कों के किनारे मौजूद कई ग्रीन बेल्ट की सफाई और तैयारी का काम शुरू कर दिया है। बारिश के दौरान सड़कों पर जलभराव कम करने में मदद मिलेगी। ग्रीन बेल्ट में जमा पानी धीरे-धीरे जमीन में रिसकर भूजल स्तर को रिचार्ज करने में भी सहायक होगा। जीएमडीए के अनुसार, विकसित किए जाने वाले ग्रीन एरिया आसपास के शहरी क्षेत्रों के लिए ‘ग्रीन लंग्स’ की तरह काम करेंगे। लैंडस्केपिंग और नियमित रखरखाव के बाद इन क्षेत्रों से शहर के ग्रीन कवर में वृद्धि होगी और सड़क कॉरिडोर की सुंदरता भी बढ़ेगी।