गुरुग्राम के पटौदी निवासी अधिवक्ता सरिता (24) की रेवाड़ी में गला रेतकर हत्या मामले में गुरुग्राम के वकीलों में रोष है। सरिता का शव रेवाड़ी के रामगढ़-कुंभावास रोड पर नहर के किनारे फेंक दिया गया था। इसे लेकर बुधवार को जिला बार एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन देकर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। बता दें कि सोमवार को दोपहर में पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि रामगढ़- कुंभावास रोड पर नहर के समीप एक युवती की लाश पड़ी है। इसकी जानकारी होते ही सदर थाना प्रभारी रेवाड़ी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। देखा कि युवती की लाश पड़ी है। उसका गला तेजधार हथियार से रेता हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को यहां फेंका गया होगा। मृतका की पहचान पटौदी निवासी सरिता के रूप में हुई है। सरिता पेशे से अधिवक्ता थी और पटौदी कोर्ट में ही प्रैक्टिस करती थी। करीब सात-आठ महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी।