गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने मानेसर क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। नौरंगपुर से लेकर रामपुरा तक करीब तीन किलोमीटर लंबा स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज (नाला) बनाया जा रहा है। इस परियोजना पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह सड़क रामपुरा से नौरंगपुर और तावडू को जोड़ती है जिस पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन चलते हैं। लेकिन मानसून के समय यहां पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार जलभराव के कारण यातायात भी बाधित हो जाता है। इसके अलावा सड़क की हालत पहले से ही जर्जर होने के कारण समस्या और बढ़ जाती है। जीएमडीए द्वारा बनाए जा रहे इस नए नाले से बारिश का पानी आसानी से निकलेगा और सड़क पर जलभराव की स्थिति खत्म होगी। इससे न सिर्फ वाहन चालकों को राहत मिलेगी, बल्कि यातायात भी पहले से ज्यादा सुचारू रहेगा। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।