दिल्ली-जयपुर हाईवे पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण स्थल पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं होने और सड़क पर फैली मिट्टी के कारण धूल उड़ रही है। इससे हाईवे से गुजरने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। निर्माण कार्य के चलते कई जगह सड़क संकरी हो गई है, जिससे जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। पहले सुबह और शाम के समय ही जाम लगता था, लेकिन अब दोपहर में भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। खासकर ऑफिस जाने वाले लोगों और ट्रक चालकों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से मानेसर में भी फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। हाईवे पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत देना और सड़क पार करने में सुविधा उपलब्ध कराना है। फिलहाल राठीवास, बिलासपुर और धारूहेड़ा के पास हाईवे पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण के दौरान सड़क पर डाली जा रही मिट्टी और मलबे के कारण आसपास धूल का गुबार बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से प्रदूषण बढ़ रहा है और लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है।